मानवीय संवेदना की मिसाल: भीषण गर्मी में 20 किमी का सफर तय कर आशीष ने बचाई जान
प्रबोध जन सेवा संस्थान के सेवा अभियान में जुटी एक और स्वर्णिम कड़ी।

जमुई :-जमुई सदर अस्पताल में इलाजरत ग्राम लभेत की एक पीड़िता के लिए आकस्मिक रक्त की आवश्यकता उत्पन्न हुई। इस संबंध में जानकारी मिलते ही लभेत निवासी एवं प्रबोध जन सेवा संस्थान के सहयोगी राहुल कुमार ने तत्परता दिखाते हुए संस्थान को सूचित किया। सूचना प्राप्त होते ही संस्थान द्वारा आवश्यक समन्वय प्रारंभ किया गया तथा रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

भीषण गर्मी में तय किया लंबा सफर
इसी क्रम में प्रबोध जन सेवा संस्थान के सेवाभावी सहयोगी, सिझोड़ी (सिकंदरा) निवासी अरुण मंडल के सुपुत्र आशिष कुमार ने सराहनीय सक्रियता का परिचय दिया। उन्होंने भीषण गर्मी की परवाह न करते हुए लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तय कर ब्लड बैंक, जमुई पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। उनका यह कार्य केवल सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं मानवीय संवेदना के समन्वित रूप का प्रतीक है।

संस्थान के सदस्यों ने की सराहना
इस पुनीत कार्य पर संस्थान से जुड़े हरेराम सिंह ने कहा कि रक्तदान समाज में परस्पर सहयोग और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। वहीं शिवजीत सिंह ने इसे अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं।
संस्थान का संकल्प
लछुआर निवासी संस्थान सचिव सुमन सौरभ ने कहा: “संस्थान का मूल उद्देश्य है कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में असुविधा का सामना न करना पड़े। सूचना प्राप्त होते ही हमारी टीम पूर्ण तत्परता के साथ सक्रिय होती है और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करती है। आशीष कुमार जैसे समर्पित सहयोगी ही इस सेवा अभियान की असली आधारशिला हैं।”




