शराब के नशे में धुत दबंगों ने आधार केंद्र में घुसकर की मारपीट, संचालक गंभीर रूप से घायल
दुकान में तोड़फोड़ के बाद आरोपी फरार, खैरा पीएचसी में घायल का चल रहा इलाज

जमुई:- खैरा प्रखंड क्षेत्र के गरही थाना अंतर्गत कुरवाटांड चौक स्थित प्रगति आधार सेंटर में शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने केंद्र के संचालक प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू के साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संचालक खैरा थाना क्षेत्र के बड़ी बाग गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव के पुत्र बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में पीड़ित प्रमोद कुमार ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान पर लोगों का आधार कार्ड बना रहे थे। इसी बीच हरणी गांव निवासी डीलर महेश यादव का पुत्र पवन यादव अपने दो साथियों के साथ नशे की हालत में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब प्रमोद ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में संचालक का सिर फट गया है।
उपद्रवियों ने दुकान के काउंटर में भी तोड़फोड़ की।दुकान में शोर मचते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े, जिन्हें देख आरोपी वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने घायल को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा में भर्ती कराया। वहीं, इस झड़प में पवन यादव को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही गरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विपिन चन्द्र पलटा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है




